पौड़ी में धूमधाम से मनाया गया लोकपर्व इगास, लोकगीतों और थड़्या नृत्य ने बांधा समां
पौड़ी: उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं का प्रतीक लोकपर्व इगास जिला मुख्यालय पौड़ी में उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों ने पहाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की।
कार्यक्रम में जय गढ़ गोरिल, जागृत समिति और जय गढ़ कंडोलिया सांस्कृतिक दलों ने लोकगीतों के साथ थड़्या और चौंफला नृत्य प्रस्तुत किए। लोकनायक माधो सिंह भंडारी के लोकगीतों की धुन पर कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने जनपदवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था और पारंपरिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि लोकपर्वों की परंपरा को जीवित रखने और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए युवाओं को ऐसे आयोजनों से जोड़ना जरूरी है।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय महिलाओं ने भी इगास को पहाड़ की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए कहा कि दीपावली के बाद मनाए जाने वाले इस पर्व की परंपराओं को आगे बढ़ाने में ऐसे सांस्कृतिक आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
