धामी सरकार का बड़ा फैसला, विकास कार्यों के लिए ₹155.96 करोड़ मंजूर

IMG-20261107-WA0071

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों के लिए ₹155.96 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसमें सड़क और पुल निर्माण, पार्किंग सुविधाओं के विकास तथा पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इसके तहत अल्मोड़ा के मौलेखाल में पार्किंग निर्माण के लिए ₹5.91 करोड़ और चंपावत के लोहाघाट में मल्टीलेवल पार्किंग के लिए ₹9.98 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, टिहरी और पौड़ी में विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण और सुधारीकरण कार्यों को भी मंजूरी दी गई है। सितारगंज में सड़क पुनर्निर्माण तथा देहरादून और हरिद्वार में वाटर मीटर लगाने के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने छठे केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 262 से बढ़ाकर 269 प्रतिशत और पांचवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन पाने वालों का DA 483 से बढ़ाकर 497 प्रतिशत करने को मंजूरी दी है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। साथ ही 178 पुलिस, पीएसी और आईआरबी कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में शामिल करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया गया है।

इसके अतिरिक्त स्वैच्छिक एवं आंशिक चकबंदी को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से ₹100 करोड़ की स्वीकृति, नरेंद्रनगर के सामुदायिक भवन का नामकरण और तत्कालीन नगर आयुक्त वरुण चौधरी के निलंबन की अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love