हरिद्वार में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक, सात मोर्चों को मिला बड़ा लक्ष्य
हरिद्वार: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम में दो दिवसीय प्रदेश विस्तारित कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। पहले दिन पार्टी के सातों मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों और संगठन विस्तार के लक्ष्य दिए गए।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि भाजपा के सभी सात मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए बूथ स्तर पर विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिसंबर के अंत तक जिलों में मोर्चों और ब्लॉक स्तर पर कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
पार्टी का लक्ष्य युवा, महिला, ओबीसी और अनुसूचित वर्ग समेत समाज के सभी वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करना है। भट्ट ने यह भी बताया कि अन्य राजनीतिक दलों के कई लोग भाजपा के संपर्क में हैं।
वहीं, भाजपा की उत्तराखंड सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता एक बार फिर भाजपा को समर्थन देगी।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेश पदाधिकारियों के साथ चर्चा में हिस्सा लिया। कार्यसमिति के दूसरे दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
