कच्छ और रुद्रप्रयाग में दो भीषण सड़क हादसे, 10 लोगों की मौत, 4 घायल

IMG_20261122_181312

देहरादून: उत्तराखंड से जुड़े दो सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हुए हैं। गुजरात के कच्छ में एक सैनिक परिवार के सात लोगों की जान चली गई। वहीं, रुद्रप्रयाग के जखोली में वाहन खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।

कच्छ हादसे में सैनिक परिवार के सात लोगों की मौत

गुजरात के कच्छ में 21 नवंबर की रात खावड़ा-भुज हाईवे पर कार और ट्रेलर की टक्कर हो गई। हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत सात लोगों की मौत हो गई। इनमें एक दंपति और उनकी तीन महीने की बच्ची भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, परिवार दिवाली की छुट्टियों में उत्तराखंड से कच्छ घूमने आया था और कच्छ का रण देखकर भुज लौट रहा था। कार की नंबर प्लेट पर UK07 दिखाई देने के कारण परिवार के देहरादून का होने की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर शोक जताया है।

रुद्रप्रयाग में वाहन खाई में गिरा, तीन की मौत

रविवार 22 नवंबर को रुद्रप्रयाग के जखोली क्षेत्र में अर्जुन बैंड के पास एक ईको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में सात लोग सवार थे और वे शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हुए हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love