हरिद्वार में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिए जीत के नौ मंत्र
हरिद्वार: उत्तराखंड में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों में जीत के लिए नौ मंत्र दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार हिमालय की तरह अडिग है और जनता के समर्थन से तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता लागू करने और पूर्ण साक्षर राज्य बनने जैसी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने नकल विरोधी कानून, रोजगार, औद्योगिक निवेश और 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने को सरकार के महत्वपूर्ण कदम बताया।
सैनिकों के सम्मान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बलिदानी सैनिकों के परिजनों की सहायता राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये और परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि दो करोड़ रुपये की गई है। उन्होंने देहरादून में बन रहे सैन्य धाम को भी महत्वपूर्ण पहल बताया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रहित और जनहित सर्वोपरि हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को सर्वोपरि रखने, जनता के भरोसे पर खरा उतरने, डिजिटल जनसंपर्क बढ़ाने, व्यक्तिगत हमलों से बचने, युवाओं को संगठन से जोड़ने, आरोपों का जवाब तथ्यों से देने, सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने, नैतिकता और अनुशासन अपनाने तथा संगठन की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
