देहरादून में कांग्रेस की अहम बैठक, संगठन और आगामी रणनीति पर मंथन
देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के छह दिवसीय प्रदेश दौरे के बाद रविवार को देहरादून में वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक अभियानों और प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिले फीडबैक पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस समय-समय पर इस तरह की बैठकें आयोजित करती रहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी नेता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं और जिला से लेकर ब्लॉक स्तर तक पार्टी सक्रिय है। बैठक में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संभावित उत्तराखंड दौरों को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान सामने आए भ्रष्टाचार, अनाचार, अत्याचार और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर भी विचार किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इन मुद्दों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और प्रदेशभर में संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि कुमारी सैलजा ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे के दौरान जमीनी फीडबैक जुटाया है। बैठक में आगामी राजनीतिक अभियानों को प्रभावी बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं के आधार पर पार्टी आगे की रणनीति तैयार कर रही है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
