भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों और लोक परंपराओं का प्रतीक है झनकईया मेला: CM धामी
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा में ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शारदा नदी के तट पर पूजा-अर्चना की और शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया एवं काला पुल के समीप पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में दो स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और भारत-नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। मेले में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज की भागीदारी और पारंपरिक लोकगीत एवं लोकनृत्य इसे विशेष पहचान देते हैं।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही, शिक्षा और स्वरोजगार के माध्यम से जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को मेले में सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के तहत क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी विकास किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दिया।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
