उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 30 मकान जलकर राख

1200-675-28185621-thumbnail-16x9-aag

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड स्थित पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड हो गया। आग की चपेट में आने से करीब 30 लकड़ी से बने मकान जलकर राख हो गए। रसोई गैस सिलिंडर फटने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते आसपास के भवनों तक फैल गई।

जानकारी के अनुसार, एक मकान में अचानक आग लग गई। लकड़ी के भवन होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इसी दौरान गैस सिलिंडर फटने से आग और भड़क उठी। ग्रामीणों ने बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन आग की भयावहता के चलते कई मकान इसकी चपेट में आ गए।

अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है। टीम से घटना की स्थिति और नुकसान की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में हुए अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love