उत्तराखंड में तीन प्रमुख सड़क मार्गों के चौड़ीकरण की तैयारी, 2027-28 में मिलेगी मंजूरी
देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने चौड़ीकरण की योजनाओं में तेजी लाई है। टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और उत्तरकाशी-गंगोत्री मार्गों की परियोजनाओं को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास कार्यों की जानकारी दी है। इसके अनुसार, टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। जौलजीबी-बंगापानी के 29 किलोमीटर हिस्से का कार्य स्वीकृत है, जबकि बंगापानी से बागेश्वर तक 160 किलोमीटर मार्ग की डीपीआर तैयार है।
वहीं, बागेश्वर-कर्णप्रयाग के 108 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण की डीपीआर पूरी हो चुकी है। ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक 143 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा है। उत्तरकाशी-गंगोत्री मार्ग के 14 किलोमीटर हिस्से का कार्य स्वीकृत हो चुका है, जबकि शेष 86 किलोमीटर को 2027-28 में मंजूरी देने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और पर्यटन, व्यापार व सामरिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
