धामी सरकार के पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी, गिनाईं प्रमुख उपलब्धियां
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान उन्होंने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, निवेश, आधारभूत सुविधाओं और कानून व्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार के कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है और 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। वहीं, छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्राप्त 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। प्रदेश में 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं और लाखों मरीजों को कैशलेस उपचार का लाभ मिला है।
आधारभूत सुविधाओं के तहत दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हुआ है, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। चारधाम ऑल वेदर रोड, रोपवे और अन्य कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है। चारधाम यात्रा में इस वर्ष 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, भू-कानून और प्रशासनिक सुधारों के जरिए राज्य में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत किया गया है। सरकार का लक्ष्य 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण करना है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
