उत्तरकाशी में अग्निकांड के बाद राहत-बचाव कार्य तेज, अस्थायी हेलीपैड तैयार
उत्तरकाशी: मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। बुधवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली।
मंत्री ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात कर दी गई थीं। पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, पेयजल और अन्य विभाग प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
प्रभावित गांव में सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन की व्यवस्था की गई है। वहीं, लोक निर्माण विभाग ने राहत सामग्री पहुंचाने के लिए अस्थायी हेलीपैड तैयार किया है। प्रभावित परिवारों को कंबल, टेंट, बर्तन, गैस चूल्हे, कपड़े, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल, सुरक्षित आश्रय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कमी न रहे। उन्होंने जरूरत के अनुसार अतिरिक्त राहत सामग्री और संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने को भी कहा। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
