उत्तरकाशी अग्निकांड: पीड़ितों के लिए आवास, राशन और आर्थिक मदद की घोषणा
उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए उन्होंने पीड़ितों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने को कहा।
अग्निकांड में घरों के साथ छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए अगले छह माह के राशन की व्यवस्था करने और बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने बताया कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य विकास कार्य भी किए जाएंगे। फिलहाल प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने तथा प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को दोबारा सामान्य जीवन में लौटने के लिए हरसंभव मदद दी जाएगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
