स्वतंत्रता दिवस पर CM धामी की 7 बड़ी घोषणाएं, उत्तराखंड में बनेंगे औद्योगिक पार्क
देहरादून: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, पुलिसकर्मियों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए आपदा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
CM धामी की 7 बड़ी घोषणाएं
– चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित होंगे।
– प्रदेश में पहले युवा आयोग की स्थापना होगी।
– सीमावर्ती युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार के लिए अतिरिक्त सहायता मिलेगी।
– वर्ग-3 और वर्ग-4 भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
– प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
– 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी।
– बहादुर बच्चों के लिए इस वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता से काम कर रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री आवास में भी ध्वजारोहण कर अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
