उत्तराखण्ड इंटीग्रेटेड हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में तेजी, सिंचाई-कोल्ड स्टोरेज पर जोर
देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में उत्तराखंड इंटीग्रेटेड हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजना के सभी घटकों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जाइका से वित्तपोषित यह परियोजना अप्रैल 2022 से दिसंबर 2029 तक संचालित की जा रही है।
मुख्य सचिव ने परियोजना को पीएम गतिशक्ति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि जीआईएस आधारित डिजिटल मैपिंग के साथ अन्य परियोजनाओं से बेहतर समन्वय हो सके। उन्होंने वर्षवार लक्ष्य तय कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
परियोजना के तहत नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी और उत्तरकाशी के 16 विकासखंडों में बनाए गए 16 क्लस्टर आधारित बिजनेस ऑर्गनाइजेशन (CBBO) की अलग-अलग समीक्षा के निर्देश दिए गए। उन्होंने इन क्षेत्रों में बागवानी की संभावनाओं को देखते हुए सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने 16 क्लस्टरों के लिए सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग को दिए। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में सप्लाई चेन और छोटे कोल्ड स्टोरेज विकसित करने पर जोर दिया। जरूरत के अनुसार कोल्ड स्टोरेज का आकार और संख्या बढ़ाने तथा सोलर आधारित कोल्ड स्टोरेज की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पॉलीहाउस योजना की साप्ताहिक समीक्षा कर कार्य समय पर पूरा करने को कहा। वहीं, ‘महक क्रांति’ के तहत 2026 से 2036 तक वर्षवार लक्ष्य तय करने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
