चमोली टनल हादसा: मंत्री मदन कौशिक ने किया घटनास्थल का जायजा, श्रमिकों की सुनी मांगें

file_00000000e8708211ab4ab795a04b73a2

चमोली: उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक शनिवार, 15 अगस्त को चमोली के पीपलकोटी पहुंचे। उन्होंने THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे का जायजा लिया और श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं।

श्रमिक प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता और दीर्घकालिक आजीविका की व्यवस्था, घायलों को आर्थिक मदद व नि:शुल्क उपचार तथा हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग रखी। मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मदन कौशिक ने अधिकारियों को घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों से समन्वय और जरूरी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान की भी जानकारी ली।

गौरतलब है कि 13 अगस्त की शाम पीपलकोटी में THDC की निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन के बाद पानी और मलबा भर गया था। हादसे के समय टनल में 22 मजदूर फंसे थे। इनमें से 12 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि आठ मजदूरों की मौत हो चुकी है और दो अभी लापता हैं। लापता मजदूरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो