टिहरी में लापता महिला की तलाश तेज, नदी-डैम से जंगल तक सर्च ऑपरेशन जारी
टिहरी गढ़वाल: थाना लंबगांव क्षेत्र से 7 अगस्त को लापता हुई महिला की तलाश में टिहरी पुलिस का व्यापक सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस, SDRF और जल पुलिस की टीमें नदी, डैम, जंगल, नालों और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
महिला के नदी क्षेत्र में होने की आशंका को देखते हुए SDRF और जल पुलिस की मोटर बोट टीमों ने नदी व डैम के गहरे जल क्षेत्रों और संभावित बहाव वाले स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। वहीं, घने जंगलों, पहाड़ी रास्तों और अन्य संभावित स्थानों पर पुलिस की टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं।
तलाशी अभियान को और व्यापक बनाने के लिए दुर्गम क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से हवाई सर्वेक्षण भी किया गया है। इसके साथ ही पुलिस महिला के मोबाइल की सर्विलांस और CDR, बैंक खातों व वित्तीय लेनदेन तथा फेसबुक समेत अन्य डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच कर संभावित सुराग जुटा रही है।
पुलिस ने महिला के फोटो और विवरण वाले पंपलेट सीमावर्ती थानों व आसपास के जिलों में भी प्रसारित किए हैं। संबंधित थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर महिला से जुड़ी किसी भी संभावित सूचना को साझा किया जा रहा है।
टिहरी पुलिस के अनुसार, महिला की सुरक्षित तलाश और बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पुलिस, SDRF और जल पुलिस की टीमें उपलब्ध संसाधनों के साथ लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं और हर संभावित सुराग की गंभीरता से जांच की जा रही है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
