उत्तराखंड में एग्री-बिजनेस को बढ़ावा, ‘सीएम-समृद्धि योजना’ के तहत 19 हजार को प्रशिक्षण

file_00000000af908208bd06d1cac4deadd4

देहरादून: उत्तराखंड सरकार कृषि-औद्यानिकी को रोजगार और स्वरोजगार का आधार बनाने के लिए सीएम-समृद्धि योजना शुरू कर रही है। योजना के तहत युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों को कृषि आधारित उद्यम शुरू करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

योजना का शासनादेश जारी हो चुका है। चालू वित्तीय वर्ष में प्रदेश के 95 ब्लॉकों में 19 हजार लोगों को प्रशिक्षण देने की तैयारी है। फिलहाल प्रशिक्षण मॉड्यूल को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

हर ब्लॉक से 200 प्रतिभागी

प्रत्येक ब्लॉक से 200 युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों का चयन किया जाएगा। आवेदन विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी पसंद की फसल या गतिविधि चुन सकेंगे। चयन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा।

उत्पादन से मार्केटिंग तक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण में उत्पादन के साथ पैकेजिंग, ब्रांडिंग, प्रसंस्करण और मार्केटिंग की जानकारी दी जाएगी। कृषि विशेषज्ञों, विश्वविद्यालयों और वैज्ञानिक संस्थानों की ब्लॉकवार टीमें प्रशिक्षण देंगी।

उत्तराखंड में फल-सब्जी, मसाले, मिलेट, मशरूम, जड़ी-बूटी, चाय और शहद सहित कई क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं हैं। उद्यम शुरू करने वालों को डीपीआर तैयार करने में उद्यान विभाग, नाबार्ड और बैंकों का सहयोग भी मिलेगा। योजना का उद्देश्य कृषि-औद्यानिकी के जरिए युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों को आत्मनिर्भर बनाना है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो