चमोली टनल हादसा: रेस्क्यू में तेजी के निर्देश, श्रमिकों के PF रिकॉर्ड की होगी जांच

file_000000000a8c8211ae8140c63f9f373d

चमोली: टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे को लेकर सोमवार को गोपेश्वर में समीक्षा बैठक हुई। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में हुई बैठक में रेस्क्यू अभियान, संसाधनों, एजेंसियों के समन्वय और श्रमिक हितों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में 22 श्रमिक प्रभावित हुए, जिनमें से 12 को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें 7 श्रमिक जिला अस्पताल गोपेश्वर और एक एम्स ऋषिकेश में उपचाराधीन है। हादसे में 8 श्रमिकों की मौत हुई है, जबकि 2 लापता श्रमिकों की तलाश जारी है।

आयुक्त ने लापता श्रमिकों की तलाश में तेजी लाने और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए। बताया गया कि टनल से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं, जबकि एक एक्सकेवेटर और डंपर हटाने का काम जारी है। उन्होंने शेष मशीनरी हटाकर रेस्क्यू अभियान को गति देने को कहा।

आयुक्त ने आरबीएनएल के साथ समन्वय कर रेस्क्यू कार्यों में आवश्यक सहयोग और संसाधनों के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

श्रमिकों के PF रिकॉर्ड की जांच

आयुक्त ने टीएचडीसी परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के PF संबंधी अभिलेखों की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश श्रम अधिकारी को दिए। रिपोर्ट प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने और इसकी जानकारी श्रम आयुक्त को देने को भी कहा गया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो