मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल-2026: 13 गांव में खुलेगा राज्य स्तरीय विपणन केंद्र

file_000000000d108211a017946aef09fc7f

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल-2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिला, युवा और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से अब तक 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग मिला है, जबकि 8 हजार से अधिक महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को उद्यमिता व आजीविका के अवसरों से जोड़ा गया है।

13 गांव में खुलेगा विपणन केंद्र

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आईटी पार्क स्थित 13 गांव में राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा की। यहां प्रदेश के सभी 13 जिलों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री और विपणन की व्यवस्था होगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रदेश में 5 लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं 70 हजार से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं, जबकि 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार

धामी ने कहा कि पहाड़ी मसाले, मंडुवा, झंगोरा, शहद, अचार, जैम, हस्तशिल्प और ऊनी उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ अंब्रेला ब्रांड विकसित किया गया है। ग्रामीण हाट, विपणन केंद्र और कलेक्शन सेंटर को भी मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण उद्यमिता से पलायन रोकने और गांवों में रोजगार बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके लिए ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के माध्यम से भी आजीविका के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखपति दीदियों और महिला उद्यमियों को सम्मानित किया। साथ ही उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पुस्तक व वार्षिक रिपोर्ट का विमोचन किया गया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो