उत्तराखंड में सियासी घमासान तेज, शुद्धिकरण विवाद के बीच नितिन नवीन का दौरा

file_00000000fd3c8211a7c8c2f824afe11a

देहरादून: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले शुद्धिकरण विवाद ने सियासी माहौल गरमा दिया है। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद शुरू हुआ विवाद अब राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगामी दौरे तक पहुंच गया है।

8 अगस्त को खड़गे की हल्द्वानी सभा के बाद 11 अगस्त को मंच के शुद्धिकरण का मामला सामने आया था। कांग्रेस ने इसे दलित सम्मान से जोड़ते हुए भाजपा पर हमला बोला। वहीं राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने इसे मुद्दे को भटकाने की कोशिश बताया है। पार्टी 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी करेगी।

9-10 सितंबर को उत्तराखंड आएंगे नितिन नवीन

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 9 और 10 सितंबर को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। 9 सितंबर को हल्द्वानी में भाजपा कार्यसमिति की बैठक और 10 सितंबर को पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद रुद्रपुर में सिख सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। दौरे में संगठन की तैयारियों और 2027 चुनाव की रणनीति पर भी मंथन होगा।

कांग्रेस प्रवक्ता अमरेंद्र बिष्ट ने दावा किया कि नितिन नवीन शुद्धिकरण विवाद पर जनता से माफी मांगने आ रहे हैं। वहीं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा सिख और पूर्व सैनिक सम्मेलन के साथ जनता से संवाद पर केंद्रित है।

राहुल गांधी की एफआईआर, कांग्रेस के आंदोलन और नितिन नवीन के दौरे ने उत्तराखंड में चुनाव से पहले सियासी हलचल बढ़ा दी है। अब भाजपा के सामने कांग्रेस के सामाजिक न्याय वाले नैरेटिव की काट तैयार करने और विकास-सुशासन के एजेंडे को केंद्र में रखने की चुनौती है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो