विकसित उत्तराखंड-2047 पर मंथन, CM धामी ने नीति निर्माण में रिसर्च को बताया अहम

IMG-20260903-WA0032

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विकास के लिए शोध, नवाचार और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जरूरतों के अनुरूप शोध के निष्कर्षों का इस्तेमाल नीतियों और योजनाओं को बेहतर बनाने में किया जाए।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सचिवालय में उत्तराखंड स्टेट सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस (USCPPGG) की शासी निकाय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने योजनाओं के लक्ष्यों की वार्षिक मॉनिटरिंग, नियमित मूल्यांकन और डेटा आधारित नीति निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख विश्वविद्यालयों के प्रतिवर्ष 10 स्नातकोत्तर छात्रों को कैपस्टोन प्रोजेक्ट के लिए स्टाइपेंड देने पर सहमति बनी। साथ ही एमएसएमई, हाई वैल्यू-लो वॉल्यूम उत्पाद, होम टूरिज्म, स्वास्थ्य और मृदा संरक्षण जैसे क्षेत्रों पर फोकस करने के सुझाव दिए गए।

विकसित उत्तराखंड-2047 की रणनीति पर चर्चा करते हुए आर्थिक विकास, रोजगार, मानव संसाधन, पर्यावरण, अवस्थापना विकास और तकनीक आधारित सुशासन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘Uttarakhand at 25: A Himalayan State with Infinite Possibilities’ पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक में राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा और उपलब्धियों को समाहित किया गया है। बैठक में बताया गया कि SDG के क्षेत्र में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान पर है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो