विकास और पर्यावरण में संतुलन जरूरी: CM धामी, महिलाओं-युवाओं पर सरकार का फोकस
हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दैनिक जागरण के ‘जागरण विमर्श-उत्तराखण्ड’ कार्यक्रम में राज्य के विकास और चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर उत्तराखंड को आगे बढ़ाना है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य का बजट गठन के समय करीब ₹4 हजार करोड़ से बढ़कर अब लगभग ₹1.11 लाख करोड़ हो गया है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति हुई है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के जरिए स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ा जा रहा है और महिलाओं को ₹5 लाख तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के साथ स्टार्टअप और स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
मुख्यमंत्री ने अनियोजित विकास और जलवायु परिवर्तन को चुनौती बताते हुए कहा कि हिमालयी क्षेत्रों की धारण क्षमता का वैज्ञानिक आकलन कराया जा रहा है। ग्लेशियरों और ग्लेशियल झीलों की निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ उत्तराखंड की संस्कृति, पहचान और पर्यावरण का संरक्षण जरूरी है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
