बदरीनाथ-केदारनाथ में निर्माण को लेकर सरकार सख्त, मास्टर प्लान से बाहर काम पर रोक
देहरादून: बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में निर्माण कार्यों को लेकर उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए जल्द शासनादेश जारी किया जाएगा।
फ्रेजाइल और एवलॉन्च प्रॉन क्षेत्रों में भी सभी विभागों और एजेंसियों को निर्माण नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए।
केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा
बैठक में केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई। सेंट्रल स्ट्रीट के तहत छह भवनों को प्राथमिकता पर रखते हुए यात्रा सीजन के बाद निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए गए। संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ एग्रीमेंट की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया।
बदरीनाथ अस्पताल जल्द होगा शुरू
बदरीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन अस्पताल को करीब 15 दिनों में शुरू करने की योजना है। मुख्य सचिव ने अस्पताल संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
