गढ़वाल सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आगाज, 3,964 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

file_000000001c0482119ff96fa70820a485

पौड़ी गढ़वाल: खेल महाकुंभ-2026 के तहत शुक्रवार को पौड़ी के रांसी स्टेडियम में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का भव्य शुभारंभ हुआ। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दीप प्रज्ज्वलित, ध्वजारोहण और ट्रॉफी का अनावरण कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। प्रतियोगिता में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की 11 विधानसभा सीटों से 3,964 बालक-बालिका खिलाड़ी अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में हिस्सा ले रहे हैं।

25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंभ, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्ठू, कबड्डी, वॉलीबॉल, मुर्गा झपट, गोली (कंचा) और रस्साकशी समेत 11 खेल स्पर्धाएं होंगी।

शुभारंभ के दौरान खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया और सांसद अनिल बलूनी ने उन्हें खेल भावना, निष्पक्षता और नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने नरेन्द्रनगर और लैंसडाउन की अंडर-19 टीमों के बीच फुटबॉल मुकाबले का भी शुभारंभ किया।

प्रतियोगिता में नरेन्द्रनगर, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, रामनगर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, कोटद्वार, लैंसडाउन और यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

इस दौरान चमोली के मजेठा गांव की युवा एथलीट मानसी नेगी को खेल प्रतिभा सम्मान ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। मानसी ने गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 10,000 मीटर रेस वॉक में 47 मिनट 30.94 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया था।

हिमालयन लाइव ब्यूरो