भारतीय सेना की कोर ऑफ इंजीनियर्स का माउंट त्रिशूल पर्वतारोहण अभियान शुरू
रुड़की: भारतीय सेना के कॉर्प्स ऑफ इंजीनियर्स ने 7,120 मीटर ऊंचे माउंट त्रिशूल के लिए पर्वतारोहण अभियान शुरू किया है। शनिवार को रुड़की स्थित बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर से अभियान दल को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
अभियान में अनुभवी अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी और जवान शामिल हैं। टीम ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनुकूलन, शारीरिक फिटनेस और पर्वतारोहण तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण लिया है। माउंट त्रिशूल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और बदलते मौसम को देखते हुए सुरक्षा और लॉजिस्टिक तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
इस अवसर पर सेंट्रल कमांड के GOC-in-C लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, इंजीनियर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल विकास रोहेला और लेफ्टिनेंट जनरल एसएस दहिया समेत वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने अभियान दल की फिटनेस, मानसिक मजबूती और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान सैन्य कर्मियों में नेतृत्व, अनुशासन, सहनशक्ति और टीमवर्क को मजबूत करते हैं।
समारोह के अंत में अभियान टीम लीडर को ‘एक्सपेडिशन फ्लैग’ सौंपा गया। इसके साथ ही दल को बेस कैंप के लिए रवाना कर दिया गया।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
