उत्तराखंड में बारिश का कहर, 10 सितंबर तक अलर्ट; 34 सड़कें बंद
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 10 सितंबर तक सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश से सड़कें बंद होने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
टिहरी में रिंग रोड का पुश्ता क्षतिग्रस्त
टिहरी में जाख-डोबरा रिंग रोड के निर्माणाधीन हिस्से का पुश्ता बारिश के बीच क्षतिग्रस्त हो गया। पहली बारिश में ही पुश्ता टूटने पर स्थानीय लोगों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी जांच की मांग की है।
पिथौरागढ़ में 18 सड़कें बंद
पिथौरागढ़ में बारिश और भूस्खलन से 18 सड़कें बंद हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें सड़कों को खोलने में जुटी हैं। जिले में 5 सितंबर को भी बारिश की संभावना के चलते स्कूल बंद रखने की सूचना जारी की गई है।
बागेश्वर में 16 मार्ग बंद
बागेश्वर में एनएच-109 समेत 16 मोटर मार्ग बारिश और मलबे के कारण बंद हैं। रवाईखाल में एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। विभागीय टीमें मार्ग बहाल करने में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
