लैंसडौन पहुंचे NSA अजीत डोभाल और CDS सुब्रमणि, अग्निवीरों की ट्रेनिंग का लिया जायजा
लैंसडौन: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित लैंसडौन में शनिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि पहली बार एक साथ गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अग्निवीरों की ट्रेनिंग, सैन्य व्यवस्थाओं और सैनिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया।
हेलीकॉप्टर से पहुंचने पर कर्नल ऑफ द रेजिमेंट लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा और सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद अधिकारियों ने वीर सिंह लाइन में अग्निवीरों का प्रशिक्षण देखा। इस दौरान ड्रोन फ्लाई और आर्मी मार्शल आर्ट का प्रदर्शन भी किया गया।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने गढ़वाल राइफल्स के शौर्य स्थल पर पौधरोपण किया और वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की खुशहाली की कामना की।
दौरे के दौरान NSA और CDS ने सेना के ‘ट्रिप इज लाइफ ऑल वुमन कैफे’ में चाय के साथ पारंपरिक पहाड़ी अरसे का स्वाद भी लिया। महिलाओं द्वारा संचालित यह कैफे सेना की ‘दीदी-भुल्ली’ सशक्तिकरण पहल से जुड़ा है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
