उत्तराखंड भाजपा कार्यसमिति बैठक: 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन
हल्द्वानी: उत्तराखंड भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हल्द्वानी में चल रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक में पहुंचकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। हल्द्वानी पहुंचने पर उनका ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नितिन नवीन की अगवानी की। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया जा रहा है। पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव और ‘विकसित उत्तराखंड संकल्प’ प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
‘राष्ट्र प्रथम’ के साथ काम करती है भाजपा
नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास को प्राथमिकता दे रही है। भाजपा ने केवल सत्ता के लिए सरकार नहीं बनाई, बल्कि देशवासियों के लिए काम करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘राष्ट्र प्रथम’ के साथ काम करती है और गरीबों के कल्याण पर जोर देती है।
वंदे मातरम के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए नितिन नवीन ने उस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने देश की डेमोग्राफी को प्रभावित करने का काम किया।
नितिन नवीन का उत्तराखंड में यह दूसरा दौरा है। उनके इस दौरे में कुमाऊं क्षेत्र में संगठनात्मक बैठकों के साथ पूर्व सैनिकों और सिख समुदाय से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनका दौरा भाजपा की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
