उत्तरकाशी में कालिंदी ट्रैक रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा, 67 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले गए

file_0000000082d48211928196499ddcd9d9

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में खराब मौसम और भारी बर्फबारी के चलते विभिन्न उच्च हिमालयी ट्रैक रूटों पर फंसे 67 ट्रेकर्स का सफल रेस्क्यू कर लिया गया है। SDRF, भारतीय सेना, UCADA, पैरामिलिट्री बल, उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन समेत कई बचाव एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाला।

रेस्क्यू अभियान में ऑडेन कोल से 29, कालिंदी खाल से 19, माउंट जॉगिंग से 8 और वासुकी ताल से 11 ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्गम पहाड़ी इलाकों, अत्यधिक ऊंचाई, तेज हवाओं, भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बीच बचाव दलों ने पैदल और हेली रेस्क्यू के जरिए अभियान को अंजाम दिया।

SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सभी एजेंसियों के बेहतर समन्वय और टीमवर्क से रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा। हेली रेस्क्यू के दौरान तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण उड़ान संचालन में भी मुश्किलें आईं।

रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलीपैड से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की और जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया।

खराब मौसम के कारण कालिंदी समेत अन्य उच्च हिमालयी ट्रैक रूटों पर फंसे सभी पर्यटकों और ट्रेकर्स को अब सुरक्षित निकाल लिया गया है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो