उत्तराखंड में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में चेतावनी
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के चलते अगले दो दिनों में कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 और 10 अगस्त को ऑरेंज एवं येलो अलर्ट जारी किया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
9 अगस्त को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में भारी बारिश तथा हरिद्वार व ऊधमसिंहनगर में गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट है।
10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधन तैयार रखने, सड़क मार्ग बाधित होने पर तत्काल खोलने और आपदा की सूचना तुरंत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गदेरों और बरसाती नालों से दूर रहने, जलभराव व कमजोर पुलों को पार न करने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह भी दी गई है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
