उत्तराखंड कैबिनेट के 10 बड़े फैसले, इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा और खिलाड़ियों के लिए 283 पद आरक्षित
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में 10 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में इंटर्न डॉक्टरों, खिलाड़ियों, अधिवक्ताओं और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अहम फैसले लिए गए।
इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा
MBBS इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड 17 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इंटर्न डॉक्टर लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे थे। हालांकि, उनकी मांग 30 हजार रुपये करने की थी।
खिलाड़ियों के लिए 283 पद आरक्षित
खेल नीति-2021 के तहत विभिन्न विभागों में 283 पद खिलाड़ियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें खेल, युवा कल्याण, गृह, परिवहन, शिक्षा और वन विभाग शामिल हैं। साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक व्यायाम के 33 पद पदक विजेताओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
वकीलों और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी फैसला
कैबिनेट ने शासकीय अधिवक्ताओं के शुल्क की दरों के पुनर्निर्धारण और सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट व अधीनस्थ न्यायालयों के अधिवक्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को मंजूरी दी। वहीं, हरिद्वार में 15 एकड़ भूमि पर ESI अस्पताल के लिए भी मंजूरी दी गई।
कैबिनेट के अन्य प्रमुख फैसले
– ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग की वार्षिक रिपोर्ट विधानसभा में रखने को मंजूरी।
– उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग की वार्षिक रिपोर्ट विधानसभा में रखने को मंजूरी।
– कारागार विभाग की सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी।
– खाद्य एवं विधिक माप विज्ञान विभाग की सेवा नियमावली में संशोधन।
– GMVN की पार्किंग में 972 गज भूमि गढ़वाल सभा को देने पर मुहर।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
