उत्तराखंड के हर स्कूल का बनेगा आपदा प्रबंधन प्लान, छह विशेष टीमें होंगी गठित

IMG-20260911-WA0017

देहरादून: उत्तराखंड के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों का स्कूल आपदा प्रबंधन प्लान तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक के निर्देशों के बाद शुक्रवार को सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों की बैठक हुई।

प्रत्येक स्कूल का प्लान स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों और संभावित जोखिमों के आधार पर तैयार होगा। इसमें भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना, अतिवृष्टि, हिमपात और आग जैसी आपदाओं को ध्यान में रखा जाएगा। सुरक्षित स्थान और निकासी मार्ग चिन्हित करने के साथ आपदा के दौरान सभी की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

स्कूलों में बनेंगी छह विशेष टीमें

प्रत्येक विद्यालय में चेतावनी एवं सूचना, निकासी, प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, खोज एवं बचाव तथा सहायता एवं मनोसामाजिक टीम गठित की जाएगी। इन टीमों में बच्चों को उनकी आयु और क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि शिक्षक मार्गदर्शन करेंगे।

स्कूलों में फर्स्ट एड और जरूरी बचाव सामग्री के साथ आपातकालीन संपर्क नंबर उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थियों और स्टाफ को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल कर तैयारियों की जांच होगी।

दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों की सुरक्षित निकासी के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही स्कूल भवन, बिजली, रसोई, गैस, प्रयोगशाला और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा का भी परीक्षण किया जाएगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो