उत्तराखंड में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, ‘विकसित भारत 2047’ से जुड़ेंगे नागरिक

IMG-20260911-WA0034

देहरादून: उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रेस वार्ता के दौरान इसकी जानकारी दी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के जरिए सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को बढ़ावा देते हुए नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा। अभियान के तहत प्रदेश में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन भाग लेंगे।

अभियान में ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सेवा : मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसके तहत दीप प्रज्वलन, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताएं, नाट्य मंचन, वृक्षारोपण, स्वच्छता और अन्य सामाजिक गतिविधियां होंगी।

इसके अलावा ‘सेवा सेतु’ के तहत बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जबकि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में IIT और IIM के विशेषज्ञों की मदद से जनसमस्याओं के समाधान खोजे जाएंगे।

सीएम धामी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी उपलब्धियों का प्रचार भर नहीं, बल्कि नागरिकों को विकसित भारत 2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है। अभियान का आयोजन प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर किया जाएगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो