ऋषिकुल बनेगा आयुर्वेद, योग और भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रमुख केंद्र: CM धामी
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में हरिद्वार स्थित श्री मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान, ऋषिकुल के प्रस्तावित मास्टर प्लान की समीक्षा की। उन्होंने ऋषिकुल को आयुर्वेद, योग और भारतीय ज्ञान परंपरा के विशिष्ट केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान के विकास में आयुर्वेद, मेडिकल टूरिज्म, योग, ज्योतिष और वैदिक गणित को विशेष प्राथमिकता दी जाए। इन क्षेत्रों में उच्चस्तरीय शिक्षा, अध्ययन और शोध की सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि ऋषिकुल भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शोध के बीच सेतु बन सके।
उन्होंने कहा कि आयुष, योग और संस्कृत उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं। ऋषिकुल के विकास में भी इनकी झलक दिखनी चाहिए। परिसर का वास्तुशिल्प प्राच्य एवं पारंपरिक शैली के अनुरूप हो, जबकि सुविधाएं आधुनिकतम हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए ऋषिकुल को ऐसा केंद्र बनाया जाए, जहां लोगों को भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, आयुर्वेद और योग का अनुभव मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की स्पष्ट समय-सीमा तय कर चरणबद्ध तरीके से दो वर्ष के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित मास्टर प्लान में योग एवं ध्यान, आयुर्वेद एवं वेलनेस, भारतीय दर्शन, वैदिक अध्ययन, कला-संस्कृति और शोध को प्रमखता दी गई है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
