श्री नंदा बड़ी जात यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, तीसरे पड़ाव पर पहुंचीं तीनों देव डोलियां

file_000000006914820e84d2d081e95c83b4

चमोली: सिद्धपीठ कुरुड़ से कैलाश की ओर रवाना हुई श्री नंदा राजराजेश्वरी बड़ी जात यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। बधाण, दशोली और बंड की तीनों देव डोलियां अपने-अपने तीसरे पड़ाव पर पहुंच गई हैं। रास्ते में जगह-जगह भक्तों ने जयकारों के साथ डोलियों का स्वागत कर पूजा-अर्चना की और भेंट अर्पित की।

बधाण की डोली करीब 8 किलोमीटर की यात्रा कर भेटी गांव पहुंची। मंगलवार को यह डोली स्यारी और बंगाली होते हुए सोल डुंग्री पहुंचेगी।

दशोली की डोली करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय कर कांडई गांव पहुंची। इसके साथ चल रहे दो चौसिंगा खाड़ू श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हैं। मंगलवार को डोली सेमा गांव पहुंचेगी।

बंड की डोली करीब 6 किलोमीटर की यात्रा कर दिगोली स्थित नंदा देवी मंदिर पहुंची, जहां देवी पूजन शुरू हुआ। मंगलवार को डोली नोरख गांव पहुंचेगी।

आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि यात्रा मार्ग में देव डोलियों का भव्य स्वागत हो रहा है। देशभर से श्रद्धालु यात्रा की जानकारी ले रहे हैं और आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो