CM धामी ने गैरसैंण को दी ₹231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की सौगात
गैरसैंण: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को भराड़ीसैंण में चमोली जिले की ₹231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹197.87 करोड़ की छह योजनाओं का शिलान्यास और ₹34.04 करोड़ की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में ₹122.69 करोड़ की लागत से रामगंगा नदी पर बांध निर्माण शामिल है, जिससे गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी। इसके अलावा कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर में ₹50.18 करोड़ की लागत से भू-धंसाव से बचाव के कार्यों का शिलान्यास किया गया। राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण सहित सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े कार्य भी इनमें शामिल हैं।
लोकार्पित योजनाओं में ₹14.82 करोड़ की लागत से खजुरखाल-भंडारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग का उच्चीकरण और राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में ₹4.37 करोड़ से निर्मित ऑडिटोरियम शामिल हैं। इसके साथ ही विभिन्न मोटर मार्गों के सुधार एवं डामरीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में ₹4.37 करोड़ की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और ₹4.24 करोड़ की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का भी उद्घाटन किया। इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल, आवागमन, शिक्षा और सुरक्षा सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
