गैरसैंण में कांग्रेस-यूकेडी का हल्ला बोल, बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा पहुंचे प्रदर्शनकारी

IMG_20261027_184406

गैरसैंण: भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के पहले दिन मंगलवार को कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने अंकिता भंडारी को न्याय, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर विधानसभा के मुख्य गेट पर धरना दिया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने दो दिवसीय सत्र को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि विधानसभा सत्र कम से कम आठ दिन चलना चाहिए।

वहीं, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था और जर्जर सड़कों की मांग को लेकर यूकेडी समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। दिवालीखाल में प्रदर्शनकारियों ने कई बैरिकेडिंग तोड़ दीं और वाटर कैनन के इस्तेमाल के बावजूद विधानसभा के मुख्य द्वार तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर अस्थायी जेल मालसी भेज दिया।

यूकेडी नेता आशीष नेगी ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए महिलाओं पर वाटर कैनन के इस्तेमाल की निंदा की। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love