कोटद्वार में गुलदार ने महिला को बनाया निवाला, ग्रामीणों का हंगामा; विधानसभा अध्यक्ष को घेरा

1200-675-28177825-thumbnail-16x9-kotdwar

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार क्षेत्र का है, जहां सोमवार (23 नवंबर) को गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कविता कोठियाल के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी का घेराव किया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कविता कोठियाल घर के पास जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

गुलदार को आदमखोर घोषित करने की मांग: महिला की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने की मांग की। सूचना पर मौके पर पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी ने ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की कार्रवाई के आदेश जारी करने को कहा। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।

इस दौरान घटनास्थल पर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर घटना को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर ग्रामीणों को गुलदार के आतंक से सुरक्षा देने में विफल रहने का आरोप लगाया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love