पौड़ी के रिखणीखाल में भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की मौत, 4 घायल

IMG_20261128_211921

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। यात्रियों से भरी इको वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जान गंवाने वालों में सात महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, वाहन संख्या UK15 TA 2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। कलवाड़ी गांव के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। चार घायलों को रेस्क्यू कर एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर अपने गांव लौट रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

एक ही गांव के आठ लोगों की मौत से भंगलवाड़ गांव में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

वहीं, प्रधानमंत्री ने भी पौड़ी सड़क हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख प्रति व्यक्ति और घायलों को ₹50 हजार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love