देहरादून में FDA का बड़ा एक्शन: दून क्लब का हांडी रेस्टोरेंट बंद, सड़ी सब्जियां और बासी खाना मिलने से मचा हड़कंप
देहरादून: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने देहरादून के न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट को गंभीर अनियमितताओं के चलते बंद करा दिया। 13 अक्टूबर को संयुक्त टीम के निरीक्षण में सड़ी-गली सब्जियां, बासी चावल, पुराना गूंथा आटा, गंदगी और कॉकरोच-चूहों की मौजूदगी मिली। रेस्टोरेंट संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान मसालों की थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई मिलीं। बर्तन धोने वाले स्थान पर गंदगी, पुराने जूठे बर्तन और जाम नालियां भी पाई गईं। प्रबंधन कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
टीम ने पनीर, दूध और चिकन करी के नमूने जांच के लिए भेजे। मौके पर पांच किलो बासी चावल, 15 किलो सड़ी सब्जियां और दो किलो मोमोज समेत बासी चिकन करी नष्ट कराई गई।
FDA आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जाएगा। रेस्टोरेंट को सफाई, पेस्ट कंट्रोल, पेयजल जांच और अन्य कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर लाइसेंस निलंबित करने समेत वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
