देहरादून में दोहरा प्रदर्शन: PRD जवानों का CM आवास कूच, आशा वर्कर्स ने घेरा सचिवालय
देहरादून: उत्तराखंड में विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया, जबकि आशा कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं ने सचिवालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
सेंटर फॉर ट्रेड यूनियन (सीटू) के आह्वान पर आशा कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं ने 42 हजार रुपये न्यूनतम वेतनमान लागू करने और चार श्रम संहिताओं से मजदूर विरोधी प्रावधान हटाने की मांग उठाई। संगठन की ओर से 11 नवंबर से जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जा रहा था। सीटू ने मांगों का समाधान नहीं होने पर तीन दिन तक महापड़ाव जारी रखने की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान आशा वर्कर्स यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की 9 नवंबर की घोषणा पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें मानदेय की निश्चित राशि और भविष्य के लाभों को स्पष्ट नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि 3 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री ने हाई पावर कमेटी गठित करने और रिटायरमेंट पैकेज देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
दूसरी ओर, अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। पुलिस ने हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान जवानों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। संगठन के पदाधिकारियों ने सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
