देहरादून में कांग्रेस का हल्लाबोल: बेरोजगारी, पेपर लीक और महंगाई पर सरकार को घेरा
देहरादून: उत्तराखंड में बेरोजगारी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, महंगाई और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने रविवार को देहरादून की कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ, उत्तराखंड न्याय यात्रा’ निकाली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रदेश चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आयोजित यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर जनसमस्याओं पर जवाबदेही की मांग की।
कैंट विधानसभा क्षेत्र में यात्रा बिंदाल पुल से शुरू होकर चौधरी फार्म हाउस में संपन्न हुई, जबकि धर्मपुर में कारगी चौक से शुरू हुई यात्रा वृंदा गार्डन वेडिंग प्वाइंट पर समाप्त हुई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने युवाओं के रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, महिला सुरक्षा, महंगाई और किसान-मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए।
प्रीतम सिंह ने कहा कि न्याय यात्रा प्रदेश की जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और महंगाई से आम जनता परेशान है। कांग्रेस प्रदेश की अस्मिता, महिलाओं के सम्मान और युवाओं के भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस के प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी, महंगाई और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
