जौनपुर महोत्सव में CM धामी ने दी 52.55 करोड़ की सौगात, थत्यूड़ में बनेगा उप जिला चिकित्सालय

IMG_20261112_185603

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 11 योजनाओं का लोकार्पण और 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा की। साथ ही धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण और क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए भी स्वीकृति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य सरकार पर्यटन, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर पलायन रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि करीब 1,300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, प्रदेश में अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि क्षेत्र में योगदान की सराहना की। साथ ही गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत का अनुवाद करने वाले साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love