उत्तराखंड में शीतकालीन चारधाम यात्रा के लिए भी होगा रजिस्ट्रेशन, पहली बार शुरू होगी व्यवस्था

1200-675-26497657-thumbnail-16x9-hjj

देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तर्ज पर अब शीतकालीन यात्रा के लिए भी पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इसके तहत शीतकाल में चारों धामों के प्रवास स्थलों पर दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं का डाटा तैयार किया जाएगा। इससे पर्यटन विभाग और प्रशासन को यात्रियों की जानकारी मिल सकेगी।

गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो चुके हैं। वहीं, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही नियमित चारधाम यात्रा समाप्त हो जाएगी। इसके बाद छह महीने तक चारों धामों की पूजा-अर्चना शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होगी।

शीतकाल में बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर, मां गंगा की मुखबा और मां यमुना की खरसाली में विराजमान रहती हैं। वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ के नृसिंह मंदिर और उद्धव जी की पूजा पांडुकेश्वर में होती है।

2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक और 2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए थे।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि प्रदेश सरकार शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पंजीकरण व्यवस्था बनाने पर विचार कर रही है। हालांकि, श्रद्धालुओं की संख्या कम होने के कारण पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा। इसका उद्देश्य यात्रियों की जानकारी और सुरक्षा के लिहाज से उनका डाटा तैयार करना है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love