कुंभ 2027 से पहले हरिद्वार में गंगा को स्वच्छ रखने की तैयारी, लगेगा ट्रैश बूम इंटरसेप्टर
हरिद्वार: कुंभ 2027 के दौरान गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए हरिद्वार में पहली बार ‘ट्रैश बूम इंटरसेप्टर’ तकनीक लगाई जाएगी। यह पानी में बहने वाले फूल, कपड़े, प्लास्टिक और अन्य ठोस कचरे को नदी में फैलने से रोकेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस साल गंग नहर की 18 दिनों की बंदी के दौरान गंगा से 100 मीट्रिक टन से अधिक कचरा निकाला गया था। कुंभ में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने से कचरे की मात्रा बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है।
अमरापुर और जटवाड़ा घाट पर लगेगा इंटरसेप्टर
ट्रैश बूम इंटरसेप्टर पानी पर तैरने वाले बैरियर की तरह काम करता है। इसे नदी के आर-पार लगाया जाता है, जिससे कचरा एक किनारे पर इकट्ठा हो जाता है। इसके बाद कन्वेयर बेल्ट से कचरे को बाहर निकालकर निस्तारित किया जाता है।
हरिद्वार नगर निगम के नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। अमरापुर और जटवाड़ा घाट पर इसे लगाने का प्रस्ताव है। उम्मीद है कि कुंभ 2027 से पहले यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
वहीं, प्रशासन ने लोगों और श्रद्धालुओं से पुराने कपड़े, पूजा सामग्री और अन्य कचरा गंगा में न डालने की अपील की है। इसके बजाय निर्धारित कलेक्शन पॉइंट्स पर कचरा जमा करने को कहा गया है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
