उत्तराखंड-UP के बीच 20 हजार करोड़ की परिसंपत्तियों से जुड़े विवाद सुलझे

IMG_20261118_194931

देहरादून: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे परिसंपत्ति विवादों के समाधान की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। दोनों राज्यों के बीच अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की परिसंपत्तियों से जुड़े विवाद सुलझाए जा चुके हैं। वहीं, शेष लंबित मामलों का भी जल्द निस्तारण करने पर सहमति बनी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों, विशेषकर सिंचाई विभाग से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करने पर सहमति जताई गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय से अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों से जुड़े विवादों का समाधान किया जा चुका है। कुछ महत्वपूर्ण मामले अभी लंबित हैं, जिनके निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।

दोनों मुख्यमंत्रियों ने आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से शेष विवादों को जल्द सुलझाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के हितों से जुड़े मामलों में सकारात्मक सहयोग के लिए योगी आदित्यनाथ का आभार भी व्यक्त किया।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन के बाद से ही दोनों राज्यों के बीच परिसंपत्तियों, विभागीय देनदारियों और सिंचाई व्यवस्था समेत कई मुद्दे लंबित थे। इनके समाधान को दोनों राज्यों के विकास और प्रशासनिक समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो

Spread the love