महिलाओं के लिए आकर्षक व किफायती सूट बनाएंगी लूम्स ऑफ नीति-माणा की महिलाएं
गोपेश्वर: नाबार्ड समर्थित परियोजना ‘लूम्स ऑफ नीति-माणा’ की त्रैमासिक समीक्षा बैठक जिला सहकारी बैंक, चमोली में आयोजित की गई। परियोजना निगरानी एवं समीक्षा समिति (PMRC) की इस बैठक की अध्यक्षता नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM), चमोली श्री श्रेयांश जोशी ने की।
बैठक में तकनीकी सहयोगी संस्था ‘लूम्स ऑफ लद्दाख’ की संस्थापक श्रीमती अभिलाषा बहुगुणा व परियोजना की कार्यान्वयन एजेंसी मानव सेवा समिति के प्रबंधक श्री महेश खंकरियाल तथा इसके अतिरिक्त जिला सहकारी बैंक, चमोली के महाप्रबंधक श्री सूर्य प्रकाश सिंह सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।
इस दौरान यंग प्रोफेशनल सुश्री हंसा रावत ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की प्रगति एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। परियोजना प्रवर्तकों श्रीमती अभिलाषा बहुगुणा एवं श्री महेश खंकरियाल ने नए उत्पादों के नमूने तैयार करने, सामूहिक लेखा-जोखा रखने, बाजार से जुड़ाव बढ़ाने तथा स्थानीय ग्रामीण स्नातकों को प्रबंधन एवं संचालन का प्रशिक्षण देने से संबंधित गतिविधियों की जानकारी साझा की।
दिल्ली, पुणे और देहरादून तक पहुंच रहे हैं पहाड़ के उत्पाद
परियोजना से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे हस्तनिर्मित उत्पादों को अब तक दिल्ली, पुणे एवं देहरादून की विभिन्न प्रदर्शनियों में प्रदर्शित किया जा चुका है। इन प्रदर्शनियों में उत्पादों को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। इससे महिलाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और उनके उत्पादों के लिए नए बाजार खुलने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं।
बैठक में भविष्य में स्थानीय बाजारों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्पादों की पहचान एवं पहुंच बढ़ाने, विपणन व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं के लिए आकर्षक व किफायती सूट बनाने पर तथा आय के स्थायी अवसर विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
‘लूम्स ऑफ नीति-माणा’ परियोजना केवल हथकरघा उत्पादों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीमांत क्षेत्र की महिलाओं के पारंपरिक हुनर को नई पहचान देने, स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बन रही है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
