विकसित उत्तराखंड विजन 2050 तैयार, 28.48 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य

IMG_a6be2928-0a9c-4506-be3a-80037640d063

देहरादून: उत्तराखंड को आदर्श हिमालयी राज्य बनाने के लिए सरकार ने वर्ष 2050 तक का दीर्घकालिक विकास रोडमैप तैयार किया है। विकसित उत्तराखंड विजन के तहत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 28.48 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने और 22.11 लाख रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री के सलाहकार (सेतु आयोग अवस्थापना विकास) एवं पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार इस विजन में आर्थिकी एवं रोजगार, सामाजिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत ढांचा, स्थानीय निकायों का सशक्तीकरण और तकनीक आधारित सुशासन को प्राथमिकता दी गई है। वर्ष 2050 राज्य गठन का स्वर्ण जयंती वर्ष होगा।

विजन के तहत राज्य की जीएसडीपी को 3.48 लाख करोड़ से बढ़ाकर 28.48 लाख करोड़ रुपये और प्रति व्यक्ति आय को 20.4 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है। वहीं, पर्यटकों की संख्या 2.5 गुना और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या दस गुना बढ़ाने की योजना है।

इसके अलावा शिक्षा में ड्रॉपआउट दर शून्य करने, 26 आयुष उत्कर्ष केंद्र स्थापित करने और 10,500 जलस्रोतों, पांच हजार धाराओं व 56 नदियों का पुनर्जीवन करने का लक्ष्य रखा गया है। बुनियादी ढांचे के तहत 55,414 किलोमीटर सड़क नेटवर्क और 29 हेलीपोर्ट एवं हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। साथ ही 4.5 लाख लखपति दीदी तैयार करने और सरकारी सेवाओं को पूरी तरह पेपरलेस, फेसलेस एवं कैशलेस बनाने की योजना है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love