देहरादून चिड़ियाघर में आया सफेद बाघ ‘तेजस’, बढ़ेगा पर्यटकों का आकर्षण
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर में प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेज के विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की। इससे पहले बच्चों के लिए भी मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर पर्यटन केंद्र होने के साथ ही पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उत्तराखंड जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य में विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
