पिथौरागढ़ में भारत-नेपाल को जोड़ने वाले छारछुम पुल का हुआ लोकार्पण
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में भारत और नेपाल के बीच सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। धारचूला तहसील में काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से वर्चुअल लोकार्पण किया।
करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल भारत के पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील को नेपाल के दार्चुला क्षेत्र के असिगाड़ा से जोड़ेगा। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
भारत सरकार की सहायता से निर्मित इस पुल का शिलान्यास सितंबर 2022 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में किया गया था। इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग ने कराया है। बनबसा के बाद यह उत्तराखंड में भारत-नेपाल के बीच दूसरा महत्वपूर्ण मोटर संपर्क स्थापित करेगा।
पुल शुरू होने से नेपाल के सुदूरपश्चिम क्षेत्र के लोगों को भारतीय बाजारों तक पहुंचने में आसानी होगी। वहीं, धारचूला और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है।
इस अवसर पर चंपावत के बनबसा क्षेत्र में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट का भी शिलान्यास किया गया। दोनों परियोजनाओं को भारत-नेपाल के बीच व्यापार, बुनियादी ढांचे और सीमा पार संपर्क मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
छारछुम मोटर पुल सीमांत क्षेत्र के विकास के साथ दोनों देशों के पारंपरिक सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को भी नई मजबूती देगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
